कौशांबी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में एक हत्याकांड की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक सप्ताह पहले अंग्रेजी व देशी शराब की दुकान पर दो सेल्समैनों की हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक बदमाश भागते समय पकड़ा गया। दिनदहाड़े हुए इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के साथ ही साथ एसओजी का एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायल बदमाशों के पास से दोनों सेल्समैन के लूटे गए मोबाइल और शराब की दुकान की चाबी बरामद हुई है। घायल दोनों बदमाशों के ऊपर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने इनके पास से चोरी में प्रयोग में लाई जाने वाले कई उपकरण बरामद किया है।
पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया?
पुलिस को आज मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार शराब दुकान के सेल्समैन के हत्या के आरोपी बदमाश किसी दूसरी घटना को अंजाम देने के लिए बाईपास के गंगा पुल के नजदीक प्लान बना रहे हैं। जानकारी के अनुसार कोखराज, कड़ा धाम,कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने गई तो बदमाशों ने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश रंजीत रंगबाज व गयादीन उर्फ अजय के पैर में गोली लगी जबकि भागते हुए सत्यम को पकड़ लिया गया। तीनों बदमाश कोखराज गांव के रहने वाले हैं। मुठभेड़ में एसओजी के सिपाही विजय के बाए हाथ में गोली लगी है। दिनदहाड़े नेशनल हाईवे टू किनारे गंगा के कछार में हुए मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और पकड़े गए बदमाश सत्यम से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने खुलासे में क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के मुताबिक बदमाशों ने घटना वाली रात को सेल्समैन से दुकान बंद होने के बाद शराब मांगी थी। सेल्समैन के मना करने पर विवाद हुआ था। जिसके बाद बदमाशों ने हथौड़े से सिर कूच कर एक सेल्समैन की हत्या कर दी थी। जबकि दूसरे की मुँह दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस पकड़े गए बदमाश सत्यम से पूछताछ कर रही है। इनके पास से सेल्समैन के हत्या में प्रयुक्त हथोड़ा व अन्य सामान बरामद हुए हैं। एसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाश चोरी लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। इनका अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पकड़े गए इन बदमाशों के खिलाफ गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई भी की जाएगी।
हत्याकांड से इलाके में मची थी सनसनी
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में दो लोगों की दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया था। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के नजदीक स्थिति अंग्रेजी और देशी शराब के सेल्समैन की हत्या हो गई थी।